संवाददाता अशोक मुंडा
08/04/2025
रामगढ़ झारखंड
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय संगठन महामंत्री रवि कुमार महतो ने कहा है कि डुमरी विधायक सह JLKM केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो को खतरा आम झारखंडियों से नहीं बल्कि राजनीतिक घरानों से है। बीते दिनों विभिन्न राजनीतिक घरानों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार इस बात का स्पष्ट प्रमाण हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि टाइगर महतो को अविलंब Z प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की जाए।
रवि कुमार महतो ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे झारखंड में टाइगर जयराम महतो की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है, उससे पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में बेचैनी और घबराहट है। उनके अनुसार, टाइगर महतो बीते 25 वर्षों से झारखंडियों के शोषण, वंचना और पीड़ा के खिलाफ आवाज बने हुए हैं और लोगों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। यही बात स्थापित राजनीतिक परिवारों को असहज कर रही है।
आगे उन्होंने कहा कि टाइगर महतो न केवल अपने विधानसभा क्षेत्र बल्कि अन्य विधानसभाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से उठाते हैं। झारखंड आज विस्थापन की पीड़ा झेल रहा है और पुराने राजनेताओं ने कंपनियों से साठगांठ कर केवल व्यापार किया, जबकि स्थानीय लोगों को उनका अधिकार नहीं मिला। जिनकी जमीनों पर अरबों-खरबों की कंपनियां चल रही हैं, वे आज भी दाने-दाने को मोहताज हैं।
महतो ने औद्योगीकरण पर भी बात की और कहा कि झारखंड के बिना देश में औद्योगिक विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। यह राज्य देश को 40% खनिज उपलब्ध कराता है, जिससे भारत की अर्थव्यवस्था संचालित होती है, फिर भी झारखंड को उसका वाजिब हक नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि यदि केवल 10 दिन कोयला परिवहन बंद कर दिया जाए, तो पूरे देश में ऊर्जा संकट उत्पन्न हो जाएगा।
रवि कुमार महतो ने आरोप लगाया कि टाइगर महतो के इन मुद्दों पर मुखर होने से उन्हें उन नेताओं और कंपनियों से खतरा है, जो स्थानीय लोगों को रोजगार देने से कतराते हैं। इन कंपनियों द्वारा पाले गए गुंडों से भी उन्हें जान का खतरा है। यही कारण है कि जब सरकार ने 75% आरक्षण का नियम बनाया तो इन कंपनियों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
उन्होंने कहा कि टाइगर महतो स्थानीयता, हक-अधिकार, रोजगार और खनिजों पर स्थानीय लोगों के व्यापार की वकालत करते हैं, जो कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। इसलिए, JLKM और समस्त झारखंडी जनता की ओर से यह मांग की जाती है कि सरकार अविलंब टाइगर जयराम महतो को Z प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करे।